
एक फोन कॉल… और ज़िंदगी भर न भूलने वाली खबर
जन केसरी। राजधानी दिल्ली के कैलाश हिल्स से आई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। एक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की निर्मम हत्या ने न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि समाज को भी स्तब्ध कर दिया है। शुरुआती जांच में पूर्व घरेलू नौकर राहुल मीणा पर हत्या, यौन उत्पीड़न और लूट के गंभीर आरोप सामने आए हैं।
मंगलवार की दोपहर, जब दिल्ली अपनी रफ्तार में सामान्य थी, ठीक 12 बजे एक फोन कॉल ने सब कुछ बदल दिया। सूचना मिली—अमर कॉलोनी इलाके में एक अधिकारी की बेटी की हत्या हुई है, और संभवतः यौन उत्पीड़न भी हुआ है। बिना देर किए संबंधित अधिकारियों से संपर्क साधा गया और अमर कॉलोनी थाने की ओर रुख किया गया। शुरुआत में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी, अधिकारियों के फोन भी लगातार व्यस्त थे। करीब 20 मिनट बाद पहली पुष्टि हुई—मामला कैलाश हिल्स का है और पीड़िता एक आईआरएस अधिकारी की बेटी है।
धीरे-धीरे तस्वीर साफ होने लगी। युवती की हत्या मोबाइल चार्जिंग केबल से गला घोंटकर की गई थी। प्रारंभिक जांच में यौन उत्पीड़न की आशंका भी जताई गई। दोपहर 1 बजे तक पुलिस ने शक की सुई परिवार के पूर्व नौकर राहुल मीणा पर केंद्रित कर दी।
बताया जा रहा है कि राहुल को करीब डेढ़ महीने पहले नौकरी से निकाला गया था। स्थानीय दुकानदारों की शिकायतों के बाद उसे हटाया गया था, जिसके बाद वह राजस्थान के अलवर स्थित अपने गांव लौट गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, राहुल ऑनलाइन जुए की लत में फंस चुका था और कर्ज में डूबा हुआ था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अलवर में एक और गंभीर अपराध में शामिल था। अपने दोस्त की पत्नी के साथ दुष्कर्म के आरोप में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। इसी दिन वह अलवर से फरार हुआ और दिल्ली पहुंचकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम को खंगाला जा रहा है।
यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर हमारे घरों के भीतर ही हम कितने सुरक्षित हैं।




