एसटीएफ का बड़ा खुलासा: SSC परीक्षा में हाईटेक नकल गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

देहरादून, जन केसरी। देहरादून में आयोजित SSC मल्टी टास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ एवं हवलदार (CBIC/CBN) भर्ती परीक्षा-2025 के दौरान उत्तराखण्ड एसटीएफ ने हाईटेक नकल गिरोह का पर्दाफाश किया है। मुख्यमंत्री के सख्त नकल विरोधी कानून के तहत की गई कार्रवाई में एसटीएफ ने उत्तर प्रदेश एसटीएफ के साथ संयुक्त छापेमारी कर परीक्षा केंद्र महादेव डिजिटल जोन, एमकेपी इंटर कॉलेज देहरादून में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान परीक्षा लैब के पास यूपीएस रूम में जमीन के नीचे बने 24×24 इंच के गुप्त चैंबर से दो लैपटॉप, राउटर व अन्य तकनीकी उपकरण बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि इन उपकरणों के माध्यम से परीक्षार्थियों के कंप्यूटर को रिमोट एक्सेस कर प्रश्नपत्र हल कराए जा रहे थे। मौके से नीतिश कुमार निवासी देवरिया (हाल निवासी नागलोई, दिल्ली) और भास्कर नैथानी निवासी नथुवावाला, देहरादून को गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि गिरोह अभ्यर्थियों से परीक्षा पास कराने के नाम पर प्रति उम्मीदवार 10 लाख रुपये की मांग करता था।

दोनों के खिलाफ कोतवाली देहरादून में उत्तराखण्ड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम-2023, आईटी एक्ट व बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी द्वारा की जाएगी। कार्रवाई पुलिस महानिदेशक Deepam Seth के निर्देश तथा पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ डॉ. नीलेश आनंद भरणे व एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के पर्यवेक्षण में की गई। एसटीएफ ने अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।



