केवि अपर कैंप: युवा संसद में उठा घरेलू हिंसा का मुद्दा
केंद्रीय विद्यालय अपर कैंप में आयोजित की गई युवा संसद

देहरादून। जन केसरी
केंद्रीय विद्यालय अपर कैंप में बुधवार को युवा संसद आयोजित की गई। जिसमें छात्र छात्राओं ने प्रधानमंत्री, स्पीकर, विभिन्न मंत्रालयों के मंत्रियों की भूमिका निभाई। संसद में जनहित के विषयों पर परिचर्चा के दौरान घरेलू हिंसा के बढ़ते मामलों का मुद्दा प्रमुखता से उठा। जिसमें माता पिता को तीर्थ यात्रा के नाम पर हरिद्वार में छोड़ने, बुजुर्ग माता पिता को घर से निकालने, बच्चों द्वारा उनकी जरूरतों को पूरा नहीं करने और उनके घरेलू हिंसा का शिकार होने को लेकर चिंता जताई गई। प्रश्न का उत्तर देते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि माता पिता वरिष्ठजनों का पूरा सम्मान करें और उनकी सेवा करें। क्योंकि आज का युवा कल बुजुर्गों की कतार में खड़ा होगा।
युवा संसद में स्वावलंबी भारत, स्वच्छ भारत, महिला सशक्तिकरण, दिव्यांगजनों की समस्याओं, डिजिटल शिक्षा जैसे विषयों को संसदीय कार्यवाही में सम्मिलित किया गया। संबंधित मंत्रियों ने प्रश्नों का जवाब देते हुए बताया कि कैसे व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है। विभिन्न मुद्दों को लेकर संसद में पक्ष और विपक्ष के बीच सार्थक बहस हुई। इस दौरान केवी संगठन उपायुक्त देहरादून संभाग मीनाक्षी जैन, सहायक आयुक्त, डॉ सुकृति रैबानी, केवि अपर कैंप के प्रिंसिपल अशोक कुमार पाठक, युवा संसद के प्रभारी शिक्षक एसके त्रिपाठी, एके सिन्हा, खुदैजा अहमद, एसपी पंत, आरसी थपलियाल, मीनाक्षी, पंकज शर्मा आदि मौजूद थे।
युवा संसद प्रधानमंत्री नरेंद्री मोदी की बेहतरीन पहल: जोशी
देहरादून। युवा संसद में बतौर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने, छात्रों को संसद की कार्यप्रणाली से अवगत करवाने के उद्देश्य से भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय की ओर से केन्द्रीय विद्यालयों में युवा संसद प्रतियोगिता के तहत युवा संसद आयोजित की जाती है। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए उन्हें विधानसभा की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बतजाया कि विधानसभा के सदस्यों की क्या जिम्मेदारियां होती हैं।
कोई अपने नेताओं को पप्पू और बबली समझे तो मैं क्या करूं: जोशी
देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने हाल ही एक बयान दिया था कि पप्पू और बबली कांग्रेस को समाप्त करने के लिए काफी हैं। बुधवार को केवी अपर कैंप में मीडिया के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि देश में पप्पू और बबली नाम के हजारों, लाखों लोग हैं। हो सकता है करोड़ों में हों। अब कोई अपने नेताओं को इन नामों में फिट कर रहा है तो वह इसमें कुछ नहीं कर सकते।
उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे को लेकर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। यह सोचने वालों की अपनी समझ है कि वह अपने नेताओं के बारे में क्या सोचते हैं।
प्लास्टिक वेस्ट से तैयार प्रोडक्ट की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र
बच्चों ने प्लास्टिक वेस्ट से तमाम तरह की सजावटी सामन बनाये थे। जिनकी प्रदर्शनी भी बुधवार को युवा संसद के बाद की गई। इस प्रदर्शनी में प्लास्टिक वेस्ट से तैयार प्रोडक्ट देख सभी लोग काफी उत्साहित नजर आये। बच्चों की तारीफ की। बच्चों ने पेंटिंग के माध्यम से प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। प्राधानाचार्य अशोक कुमार पाठक ने बताया कि बच्चों ने ये सभी सामग्री प्लास्टिक वेस्ट से तैयार की है।