
देहरादून में टिकट दिलाने के नाम पर 25 लाख की ठगी, Rahul Gandhi का पीए बनकर आरोपी ने राज्य आंदोलनकारी भावना पांडे को फंसाया
जन केसरी, देहरादून। देहरादून में कांग्रेस से जुड़ा एक चौंकाने वाला ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें भावना पांडे नाम की महिला से चुनावी टिकट दिलाने के नाम पर करीब 25 लाख रुपये हड़प लिए गए। आरोपी ने खुद को कांग्रेस नेता Rahul Gandhi का पीए बताकर महिला को अपने झांसे में लिया। मामले में राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने पहले फोन के जरिए संपर्क किया और भरोसा जीतने के लिए कथित तौर पर Harish Rawat समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं की आवाज भी सुनाई। इसके बाद आरोपी ने दावा किया कि कुछ विधायक देहरादून के एक होटल में सर्वे के सिलसिले में ठहरे हैं और वह उनके माध्यम से टिकट दिलवा सकता है।
आरोपी ने महिला को विश्वास में लेकर अलग-अलग बहानों से पैसे की मांग की। भावना पांडे ने 13 अप्रैल 2026 को अपने खाते से करीब 9.5 लाख रुपये ट्रांसफर किए, 5 लाख रुपये नकद दिए और अन्य किश्तों में भी रकम दी। कुल मिलाकर महिला ने आरोपियों को लगभग 25 लाख रुपये सौंप दिए। आरोपी ने एक अन्य व्यक्ति को महाराष्ट्र का विधायक बताकर भी भरोसा दिलाया।
लंबे समय तक जब टिकट दिलाने का वादा पूरा नहीं हुआ तो पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ। पैसे वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में संपर्क भी बंद कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को टिकट दिलाने के नाम पर ठगता है और इसमें कई लोग शामिल हो सकते हैं।
इस मामले में Ganesh Godiyal को लेकर भी साजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच की जा रही है।




