उत्तराखण्ड

ठंड और कोहरे ने घर पर रहने को किया मजबूर

रुड़की। रुड़की समेत आसपास के इलाके के लोगों को पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड और कोहरे के प्रकोप का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को पूरे दिन शहर से लेकर देहात तक कोहरा छाया रहा। ठंड की वजह से ज्यादातर लोग अपने घरों में कैद रहे। शहर में कुछ मिनटों के लिए हल्की धूप निकली। लेकिन इससे तापमान के असर पर कोई फर्क नहीं पड़ा। ठिठुरन की वजह से लोग परेशान रहे।
गुरुवार तड़के कोहरे की बारिश हुई। शहर में घने कोहरे की वजह से सुबह के समय काम पर निकले लोगों को दिक्कतें हुई। धीरे धीरे शहर से कोहरा कम हुआ। लेकिन मौसम पूरी तरह साफ नहीं हुआ। यही वजह रही कि पूरे दिन लोग सूर्य के दर्शन का इंतजार करते रहे। दोपहर के समय करीब ढाई बजे के आसपास कुछ ही मिनटों के लिए हल्की धूप निकली। इसके बाद मौसम फिर से खराब होने लगा। दिनभर शहर में भी कोहरा छाया रहा। ठंड की वजह से लोग अपने घरों में ही कैद रहे। इधर, ग्रामीण क्षेत्रों में भी घने कोहरे की वजह से किसान परेशान दिखे। वह दिनभर अलाव के सहारे बैठे रहे। बहुत जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकले या बाजार को गए। शहर से लेकर देहात तक के बाजारों में चहल पहल कम रही। लक्सर, भगवानपुर, मंगलौर, नारसन आदि क्षेत्रों में हाईवे पर घने कोहरे की वजह से वाहनों की रफ्तार काफी धीमी रही। बुधवार देर रात भी काफी घना कोहरा की वजह से वाहनों के पहिये थम गए। जो जहां था आसपास जगह देखकर अपनी गाड़ी वहीं खड़ी कर दी। कोहरा छंटने के बाद वाहन चालकों ने आवाजाही शुरू की। इधर, कृषि मौसम वेधशाला आईआईटी रुड़की से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 12 डिग्री रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 5 डिग्री दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि अधिकतम तापमान में -6.0 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान में -2.3 डिग्री गिरावट दर्ज की गई है। 21 जनवरी को न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज का पूर्वानुमान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button