दस रुपये तक महंगा हुआ टोल, बुधवार से लागू होगी नई दरे

जन केसरी, रुड़की । हरिद्वार जनपद के भगवानपुर स्थित टोल प्लाजा पर 1 अप्रैल से टोल टैक्स की नई दरें लागू होने जा रही हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा जारी दरों के अनुसार सभी श्रेणी के वाहनों पर टोल शुल्क में वृद्धि की गई है, जिससे आम वाहन चालकों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
नई दरों के अनुसार कार, जीप, वैन या हल्के मोटर वाहनों के लिए सिंगल यात्रा शुल्क में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। सिंगल यात्रा के लिए पूर्व से निर्धारित 55 रुपये ही तय हैं। जबकि वापसी यात्रा शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। 80 रुपये से बढ़ाकर 85 रुपये कर दिया गया है। इसी प्रकार हल्के वाणिज्यिक वाहन, मिनी बस आदि के लिए सिंगल शुल्क 90 रुपये और रिटर्न 135 रुपये तय किया गया है, जो पहले क्रमशः 85 और 130 रुपये था।
बस और ट्रक (दो एक्सल) श्रेणी के वाहनों के लिए टोल 180 रुपये से बढ़ाकर 185 रुपये कर दिया गया है, जबकि रिटर्न शुल्क 275 से बढ़कर 280 रुपये हो गया है। तीन एक्सल वाणिज्यिक वाहनों के लिए सिंगल शुल्क 200 रुपये से बढ़ाकर 205 रुपये और रिटर्न 300 से बढ़ाकर 305 रुपये कर दिया गया है।
दस रुपये ज्यादा देना पड़ेगा भारी वाहनों को टोल टैक्स
भारी निर्माण मशीनरी और मल्टी एक्सल वाहनों के लिए सिंगल यात्रा शुल्क 285 रुपये से बढ़ाकर 295 रुपये तथा रिटर्न शुल्क 430 से बढ़ाकर 440 रुपये कर दिया गया है। वहीं ओवरसाइज्ड वाहनों (7 या अधिक एक्सल) के लिए सिंगल शुल्क 350 रुपये से बढ़ाकर 355 रुपये और रिटर्न 525 से बढ़ाकर 535 रुपये किया गया है।
टोल दरों में यह वृद्धि भले ही प्रति वाहन 5 से 10 रुपये के बीच है, लेकिन नियमित रूप से सफर करने वाले लोगों के लिए यह खर्च काफी बढ़ोतरी का कारण बनेगा। स्थानीय लोगों और ट्रांसपोर्टरों ने इस बढ़ोतरी पर चिंता जताई है, जबकि प्रशासन का कहना है कि यह संशोधन नियमों के तहत नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है।




