सजा सुनाने के बाद रुड़की कोर्ट से फरार हुआ दोषी
रुड़की, जन केसरी। रुड़की न्यायालय परिसर से एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय रुड़की से शुक्रवार एक दोषी युवक संदिग्ध परिस्थितियों में फरार हो गया। दोषी की फरार होने की सूचना के बाद पुलिस महके में हड़कंप मच गया।
वारंटी नीरज गोस्वामी पुत्र महेश गोस्वामी निवासी ग्राम रहमतपुर थाना पिरान कलियर जनपद हरिद्वार शुक्रवार को पेशी पर न्यायालय में मौजूद था। सुनवाई के दौरान अदालत ने नीरज गोस्वामी को दो वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी। लेकिन सजा सुनाए जाने के कुछ ही देर बाद नीरज गोस्वामी कोर्ट मुहर्रिर की कस्टडी से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया की कोर्ट से एक दोषी फरार होने की सूचना मिली थी। इसके तत्काल बाद अलग-अलग टीमें गठित कर दोषी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबीश दी जा रही है। बहुत जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह था मामला
वर्ष 2023 में चेक बाउंस से संबंधित नीरज गोस्वामी के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज हुआ था। गंग नहर कोतवाली इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी ने बताया कि ढाई लाख रुपये चेक बाउंस से संबंधित मामले में शुक्रवार को कोर्ट ने आरोपी के खिलाफ सजा सुनाई थी। बाद में दोषी नीरज संदिग्ध परिस्थितियों में फरार हो गया है जिसकी तलाश की जा रही है।
5:45 में पुलिस को दी गई फरार होने की सूचना
कोर्ट से एक महिला कांस्टेबल ने पुलिस कंट्रोल रूम में 5:45 बजे सूचना दी की एनआई एक्ट से संबंधित वारंटी जिसे कोर्ट ने दोपहर के समय सजा सुनाई थी वह 2:45 बजे के करीब कोर्ट से हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप बच गया।




