क्वांटम विश्वविद्यालय में धरोहर 2026 का भव्य समापन, प्रतिभाओं ने बिखेरा जलवा

रुड़की, जन केसरी । क्वांटम विश्वविद्यालय, रुड़की में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव “धरोहर 2026” का ग्रैंड फिनाले शनिवार को भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। 26 से 28 मार्च तक चले इस आयोजन में देशभर के 100 से अधिक प्रतिष्ठित संस्थानों के 2,000 से ज्यादा विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

फिनाले नाइट में फैशन वॉक, डांस और सिंगिंग प्रतियोगिताएं मुख्य आकर्षण रहीं। प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास, रचनात्मकता और ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हर प्रस्तुति पर गूंजती तालियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। समापन अवसर पर प्रसिद्ध ‘तत्व’ बैंड की प्रस्तुति ने माहौल को और भी जीवंत कर दिया, जहां दर्शक देर तक झूमते नजर आए।

इस वर्ष “धरोहर 2026” में आईआईटी, बीएचयू, लखनऊ विश्वविद्यालय, केआईआईटी, चंडीगढ़ विश्वविद्यालय सहित कई प्रमुख संस्थानों की भागीदारी रही। टेक फेस्ट “एज”, मैनेजमेंट फेस्ट “ओजस” और कल्चरल फेस्ट “ग्लिट्ज़” के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं में भी छात्रों ने अपने कौशल और नवाचार का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
समापन अवसर पर कुलाध्याक्ष अजय गोयल, कुलपति प्रो. (डॉ.) विवेक कुमार और कुलसचिव डॉ. अमित दीक्षित ने प्रतिभागियों को बधाई दी। आयोजन की सफलता के लिए छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. करण बब्बर को विशेष रूप से सराहा गया।
“धरोहर 2026” ने प्रतिभा, संस्कृति और नवाचार का संगम प्रस्तुत करते हुए छात्रों को एक सशक्त मंच प्रदान किया और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत किया।





