ट्रक से तेल चोरी करते पुलिस कर्मियों का वीडियो वायरल, देखे वीडियो

रुड़की
। कोतवाली मंगलौर के लंढौरा क्षेत्र में पुलिस कर्मियों द्वारा एक ट्रक से तेल चोरी किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी ट्रक से तेल निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद आमजन में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। जन केसरी इस वीडियो की सच्चाई की पुष्टि नहीं करता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने इसे गंभीरता से लिया हैं। इस पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं एसएसपी के निर्देश पर लंढौरा पुलिस चौकी प्रभारी महिपाल सैनी को तत्काल प्रभाव से पुलिस लाइन ट्रांसफर कर दिया गया है। हालांकि इस ट्रांसफर को पुलिस अधिकारी रूटीन प्रक्रिया बता रहे हैं। इधर, वायरल वीडियो प्रकरण की विस्तृत जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं, ताकि दोषी पुलिस कर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की निष्पक्ष जांच कर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




