उत्तराखण्डदेहरादून

मां यमुना और बाबा केदार के कपाट बंद,उमड़े श्रद्धालु

देहरादून। भारतीय सेना के बैंड के भक्तिमय स्वर लहरियों के बीच श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज शीतकाल के लिए बंद हो गए हैं। इसके अलावा यमुनोत्री धाम स्थित यमुना के कपाट भी वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शीतकाल के लिए बंद हो गए हैं। अब बाबा के शीतकालीन दर्शन ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर और यमुना के दर्शन खरसाली में होंगे।

केदारनाथ में कपाट बंद होने के मौके पर आज ढाई हजार तीर्थयात्री साक्षी बने। बर्फ की चादर औढ़े संपूर्ण केदारनाथ धाम में कपाट बंद होने की बेला अद्भुत रही। इससे पहले कपाट बंद होने के अवसर पर केदारनाथ मंदिर को फूलों से सजाया गया। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने केदारनाथ यात्रा के सफल समापन पर बधाई दी और सभी का आभार जताया है। आज कपाट बंद होने के दिन असम के मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी रिनिकी भुयान शर्मा एवं परिजन कपाट बंद होने के अवसर पर मौजूद रहे।

भैयादूज पर बंद हुए मां यमुना और बाबा के द्वार

शीतलहर तथा बर्फ के बीच मां यमुना और  श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज भैयादूज पर बंद हुए। यमुनोत्री में मां यमुना के कपाट बंद होने से पहले शनि देव की डोली खरसाली से रवाना हुई। इनके अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शनि देव की डोली के साथ यमुनोत्री धाम पहुंची। जहां भैया दूज पर यमुना स्नान के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कपाट बंद हुए। इधर, बाबा केदारनाथ के कपाट बुधवार कार्तिक मास शुक्ल पक्ष द्वितीया, वृश्चिक राशि, ज्येष्ठा नक्षत्र के शुभ अवसर पर प्रात: साढ़े आठ बजे विधि- विधान से शीतकाल हेतु बंद हो गये। आजकल श्री केदारनाथ क्षेत्र बर्फ की चादर ओढ़े है आधा फीट तक बर्फ मौजूद है आज कपाट बंद के के समय मौसम साफ रहा।

पंचमुखी डोली के साथ उमड़ पड़े श्रद्धालु

कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली हजारों तीर्थयात्रियों के साथ सेना के बैंड बाजों के साथ पैदल प्रथम पड़ाव रामपुर के लिए प्रस्थान हुई। श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति ( बीकेटीसी) अध्यक्ष अजेंद्र अजय मंगलवार को कपाट बंद की तैयारियों हेतु श्री केदारनाथ पहुंच गये थे। इस अवसर पर उनके साथ असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व शर्मा की धर्मपत्नी मीडिया दिग्गज रिनिकी भुयान शर्मा तथा परिजन भी कपाट बंद होने के अवसर पर मौजूद रहे।‌ यह सभी अतिथि मंगलवार को ही केदारनाथ धाम पहुंच गये थे।

19 लाख 57 हजार यात्री पहुंचे

बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि केदारनाथ धाम में कपाट खुलने की तिथि से मंगलवार 14 नवंबर रात्रि तक 19 लाख 57 हजार 850 (उन्नीस लाख सत्तावन हजार आठ सौ पचास ) तीर्थयात्रियों ने दर्शन किये।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button