फॉनिक्स यूनिवर्सिटी में ‘गंगा स्वच्छता पखवाड़ा’ की शुरुआत, छात्रों ने निकाली जागरूकता रैली

जन केसरी, संवाददाता । फॉनिक्स यूनिवर्सिटी रुड़की में सोमवार को ‘गंगा स्वच्छता पखवाड़ा’ का शुभारंभ गंगा स्वच्छता रैली के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा नदी की स्वच्छता, निर्मलता और संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों व आमजन में जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान छात्रों ने “गंगा स्वच्छ रखें”, “जल है तो कल है” और “गंगा बचाओ–जीवन बचाओ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को गंगा की स्वच्छता और जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान गंगा की पवित्रता और सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए गंगा आरती का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. चिराग शर्मा ने उपस्थित विद्यार्थियों और शिक्षकों को गंगा स्वच्छता एवं जल संरक्षण की शपथ दिलाई। सभी ने गंगा नदी को स्वच्छ बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए गंगा सहित अन्य जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समन्वय डॉ. विनेश कुमार द्वारा किया गया।




