बेटी ने पिता पर लगाया देह व्यापार के दलदल में धकेलने का आरोप
मेरठ। एक महिला ने अपने पिता पर देह व्यापार में धकेलने का आरोप लगाया है। मूलरूप से बिहार निवासी महिला ने बताया कि आठ साल पहले उसकी शादी लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के न्यू इस्लाम नगर निवासी युवक से हुई थी। शादी के बाद उनके एक बेटा व एक बेटी हुए। आरोप था कि एक महीने पहले उसके पिता घर आए थे और उसे अपने साथ बिहार ले जाने को कहा।
वह अपने बेटे को लेकर पिता के साथ चल दी,लेकिन पिता ने क्षेत्र निवासी एक महिला को उसे 50 हजार रुपये में बेच दिया और उसके बेटे को लेकर बिहार चला गया। आरोप था कि महिला एक महीने तक उससे देह व्यापार का धंधा करा रही थी। शनिवार रात में दरवाजा खुला देख वह छत से कूद गई। जिससे महिला का पैर टूट गया। महिला को देख आसपास के लोग जमा हो गए और उसके पति को सूचना दी। इसके बाद दंपती थाने पहुंचा और मामले की जानकारी देते हुए आरोपित महिला के खिलाफ तहरीर दी।